नजीबाबाद-हरिद्वार से पूर्वी गंग नहर में छोड़ा गया पानी। (स्रोत-सिंचाई विभाग)
बिजनौर, नांगलसोती। भीमगोड़ा हरिद्वार से पूर्वी गंग नहर में 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बृहस्पतिवार तक नजीबाबाद क्षेत्र में पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा। जिससे किसानों फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
नांगलसोती, भागूवाला, नजीबाबाद के बड़ी संख्या में किसान पूर्वी गंग नहर व उससे जुड़ी शाखाओं से फसलों की सिंचाई करते हैं। नहरों में पानी नहीं होने से किसानों की फसलें सूखने के कगार पर हैं। किसान लंबे समय से पूर्वी गंग नहर में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे, लेकिन पूर्वी गंग नहर क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य होने के कारण पानी छोड़ने में विलंब हो रहा था।
किसानों की मांग पर सिंचाई विभाग हरिद्वार ने सोमवार को रुड़की कार्यालय को पूर्वी गंग नहर में 1450 क्यूसेक पानी छोड़ने की डिमांड भेजी थी, जिस पर फिलहाल 500 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की अनुमति मिली है।
उधर, पूर्वी गंग नहर खंड हरिद्वार के सहायक अभियंता विपिन कुमार ने बताया कि पूर्वी गंग नहर में 1450 क्यूसेक पानी छोड़ने की डिमांड पर सिंचाई विभाग रुड़की कार्यालय ने पानी कम होने का हवाला देते हुए 500 क्यूसेक पानी छोड़ने की अनुमति दी है। बुधवार को दोपहर एक बजे पूर्वी गंग नहर में पानी छोड़ दिया गया है, जो बृहस्पतिवार तक गंग नहर से जुड़ी शाखाओं में पहुंचना शुरू हो जाएगा। जिससे किसान अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।