यात्रा पर जाने से कतराने लगे लोग
बिजनौर। जिले के लोगों को कोरोना वायरस का डर सताने लगा है। यहां के लोग यात्रा करने से कतराने लगे हैं। इससे बचने के लिए लोग घर से बाहर घूमने जाना मुफीद नहीं समझ रहे हैं। बिजनौर रेलवे स्टेशन से विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रा करने हेतु कई स्थानों के लिए लगभग 50 हजार रुपये के टिकट निरस्त हुए हैं। रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने इसकी पुष्टि की है।
केंद्र सरकार ने देश भर में विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा रखी है। साथ ही लोगों से धार्मिक और पर्यटन आदि स्थलों पर यात्रा पर न जाने की सलाह दी है। जिले के लोगों में इसका असर देखने को मिलने लगा है। लोगों ने अपने घरों से बाहर घूमने जाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। लोगों में भय है कि कहीं वे कोरोना के वायरस से संक्रमित न हो जाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों ने बुधवार को करीब 50 हजार रुपये के टिकट निरस्त कराए। स्टेशन अधीक्षक अरविंद कुमार राठी के अनुसार बिजनौर रेलवे स्टेशन से रोजाना लगभग साढ़े चार हजार यात्री विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। यहां से प्रतिदिन 12 ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें नौ पैसेंजर और तीन एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अगले दो माह तक के टिकट निरस्त हुए हैं।