जिले में हाईस्कूल के 50 हजार विद्यार्थी होंगे प्रमोट
बिजनौर। शासन ने कोरोना के प्रकोप को देखते हुए यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। इसी के साथ दसवीं के छात्र-छात्राएं ग्यारहवीं कक्षा में प्रोन्नत हो जाएंगे। बारहवीं की परीक्षा के लिए केंद्र बढ़ेंगे। परीक्षा में पेपर का समय व सवाल कम करने की तैयारी की जा रही है।
जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा के लिए 51560 तथा इंटर की परीक्षा के लिए 44171 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इस समय कोरोना का प्रकोप है और परीक्षा को लेकर असमंजस बना हुआ था। शासन ने यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर स्थिति साफ कर दी है। जानकारी के अनुसार हाईस्कूल की परीक्षा नहीं होगी। परीक्षा निरस्त कर दी गई है। दसवीं कक्षा के छात्र ग्यारहवीं में प्रमोट हो जाएंगे। बारहवीं की परीक्षा जुलाई में कराने का प्रस्ताव है। इसके लिए पेपर वाइज सवाल कम होंगे। साथ ही पेपर हल करने का समय भी कम होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ेगी। इस समय बोर्ड परीक्षा के लिए 136 केंद्र स्वीकृत हैं।
फैसले से छात्र और शिक्षक खुश
बिजनौर। शासन के यूपी बोर्ड परीक्षा के बारे में किए गए फैसले से शिक्षक तथा छात्र खुश हैं। जीजीआईसी बिजनौर की प्रधानाचार्या निर्मला शर्मा का कहना है कि हाईस्कूल की परीक्षा निरस्त करना समय की मांग के अनुरूप है। आरजेपी इंटर कालेज बिजनौर के गणित प्रवक्ता सुधांशु वत्स का कहना है की सही समय पर सही निर्णय लिया गया है। आरजेपी इंटर कॉलेज बिजनौर में कक्षा 12 के छात्र पुष्कर अग्रवाल बारहवीं बोर्ड परीक्षा जुलाई में होने से खुश हैं। कहा आनलाइन पढ़ाई से तैयारी हो रही है। अब परीक्षा को लेकर स्थिति साफ हो गई है। आर्यन चौधरी हाईस्कूल का छात्र है। परीक्षा निरस्त होने से खुश हैं। कहा अगली कक्षा की तैयारी करेंगे।