किस्त जारी कराने के नाम पर मांगे 50 हजार
किरतपुर। दो डूडा कर्मियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र व्यक्ति से मकान की बकाया किस्त भेजने के नाम पर 50 हजार रुपये मांग लिए। जब मोहल्ले वालों को इसका पता चला तो वहां भीड़ जमा हो गई। हंगामा होता देख डूडा कर्मी मौके पर बाइक छोड़कर भाग गए। लोगों ने पुलिस को मामले की तहरीर देकर कर्मचारियों पर रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। डूडा अधिकारी मामले में जांच की बात कह रहे हैं।
मोहल्ला भुड्डी निवासी प्रेमा पत्नी सुरेश ने बताया कि बुधवार को उसके घर पर बिजनौर से दो युवक आए, उन्होंने खुद को डूडा कर्मी बताते हुए मकान गलत तरीके से बनाने की बात कही। उन्होंने अगली किस्त देने के प्रेमा से 50 हजार रुपये मांग लिए। मोहल्ले वालों के मुताबिक खुद को डूडा कर्मी बताने वाले दोनों युवकों ने कहा था कि वह जांच करने आए हैं। आरोपियों ने 50 हजार रुपये न देने पर अगली किस्त का भुगतान रुकवाने की धमकी दी। प्रेमा ने मोहल्ले वालों को इकट्ठा कर लिया और पुलिस को सूचना दे दी। भीड़ जमा होते देख दोनों युवक अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। प्रेमा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सर्वेंद्र शर्मा ने तहरीर मिलने की पुष्टि की है।
आरोपों में घिरा विभाग, पहले भी हुईं शिकायतें
डूडा विभाग में मकानों की किस्त को लेकर हुआ हंगामा कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई डूडा कर्मियों पर जांच के नाम पर रुपये मांगने के आरोप लगते रहे हैं। आरोप यहां तक लगे हैं कि शिकायतों के बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की जाती है।
मामले की जांच की जा रही है : पीओ
डूडा के पीओ संजय बंसल ने बताया कि हमारे दो कर्मचारी जांच करने गए थे। कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो पता चला मकान गलत तरीके से बनाया जा रहा था। यह बात कहने पर महिला ने भीड़ एकत्रित कर ली। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।