जलाशय की ओर बढ़ रहा 50 हजार क्यूसेक पानी
कालागढ़। रामगंगा बांध के कैचमेंट के इलाके में तेज बारिश जारी है। बांध के जलाशय की ओर पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण 50 हजार क्यूसेक पानी बढ़ रहा है।
पहाड़ों पर हो रही बारिश से रामगंगा बांध के जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटों में ही बांध का जलस्तर लगभग पौने दो मीटर बढ़ गया है। बांध के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार त्यागी ने बताया कि दोपहर बांध के जलाशय का जलस्तर 340.100 मीटर पहुंच गया है, जबकि शनिवार को यह 338.320 मीटर था। पहाड़ों पर हो रही बारिश का पानी बांध के जलाशय में संग्रहण किया जा रहा है। नौला से करीब 50 हजार क्यूसेक पानी बांध की ओर आ रहा है। इस बार हो रही बारिश से बांध के जलाशय में पानी संग्रह से अधिक बिजली का उत्पादन व उत्तर प्रदेश में खेतों की अधिक सिंचाई की जा सकेगी। बांध के जलाशय की क्षमता 365 मीटर तक है। अभी इसमें और पर्याप्त पानी भरा जा सकता है। बांध से फीका दोआब नहरों के लिए 225 क्यूसेक पानी की निकासी सुरंग के माध्यम से की जा रही है। दूसरी ओर मैदानी इलाके के खेतों में पानी भर गया है।