कृषि यंत्रों की खरीद पर मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान
नजीबाबाद। कृषि विभाग 50 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को कृषि यंत्रों और कस्टम हायरिंग सेंटर पर अनुदान प्रदान करेगा। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलने वाले कृषि यंत्र अनुदान की बुकिंग 16 अगस्त को ऑनलाइन होगी।
उप्र कृषि विभाग कृषि यंत्रों और कस्टम हायरिंग सेंटर पर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराएगा। एडीओ कृषि श्याम सिंह के अनुसार हैरो, कल्टीवेटर, मिनी राइस मिल पावर टिलर, लेजर लैंड लेवलर, मल्टी क्रॉप थ्रेसर, पावर चैफ कटर, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, डिस्क प्लाऊ, आयल मिल विद फिल्टर प्रेस, रोटावेटर, स्ट्रा रीपर, पैकिंग, स्मॉल गोडाउन, आलू खुदाई मशीन, डीजल पंपसेट, और कस्टम हायरिंग सेंटर पर किसानों को विशेष अनुदान प्रदान किया जाएगा। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर ऑनलाइन बुकिंग 16 अगस्त को अपराहन तीज बजे से की जा सकेगी।
एडीओ कृषि के अनुसार फ्री बुकिंग एवं टोकन जैनरेशन के लिए किसान अपने या अपने परिवार के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर सकते हैं। फ्री बुकिंग वाले लाभार्थियों किसानों को आपकी बुकिंग स्वीकार कर दी गई है का संदेश प्राप्त होगा। बजट की उपलब्धता के आधार पर टोकन कंफर्म करने का संदेश अलग से कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।