बिजनौर। चोरों ने कोतवाली के सामने मोबाइल का शटर उठाकर करीब 50 लाख के मोबाइल व 80 हजार रुपये चोरी कर लिए। चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकाल की ले गए। कोतवाली के सामने हुई चोरी की इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरो को खंगालने में जुटी है। पुलिस की कई टीमें चोरों की तलाश में मेरठ व मुजफ्फरनगर गई हैं।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी चंदन नामदेव का शहर कोतवाली के सामने सेल सिटी मोबाइल के नाम से शोरूम है। शोरूम में तमाम बड़ी कंपनी के मोबाइल रखे थे। शोरूम के पास बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम है। थोड़ी दूरी पर बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच है। शास्त्री चौक पर पुलिस पिकेट रहती है। इस मार्ग पर रात भर ट्रैफिक चलता है। रविवार रात चोरों ने सरिये आदि से दुकान का शटर उठाकर करीब 50 लाख के मोबाइल व 80 हजार की नगदी चोरी कर लिए। चोर मोबाइल निकालकर ले गए और डिब्बों दुकान में ही छोड़ गए। दुकान में एक लाख रुपये कीमत के तीन, 50 हजार रुपये कीमत के छह व 15 से 25 हजार रुपये कीमत के बाकी मोबाइल थे। सभी मोबाइल चोर ले गए। चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए। सोमवार सुबह दुकान का कर्मचारी सौरभ वहां पहुंचा तो अनहोनी का आभास होने पर चंदन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एसपी डा.धर्मवीर सिंह, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, शहर कोतवाल राजेश सोलंकी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट लिए। व्यापारी नेता मनोज कुच्छल, सौरभ सिंघल, रजनीश अग्रवाल, सचिन राजपूत मौके पर पहुंचे और उन्होंने चोरी की घटना पर रोष जताया और चोरी का खुलासा करने की मांग की। पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और चोरी की घटना पर दुख जताया। बिजनौर पालिका के पूर्व चेयरमैन नवनीत गर्ग ने भी पुलिस से चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
सीसीटीवी कैमरों से होगी चोरों की पहचान
पुलिस आसपास बैंक व अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये चोरों की पहचान करने में लगी है। पुलिस मान रही है कि चोरों का गैंग बाहर का हो सकता है। पुलिस की कई टीम मेरठ व मुजफ्फरनगर में चोरों की तलाश में गई हैं।
बेखौफ होकर की चोरी
कोतवाली के सामने चोरी आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दे गए । पुलिस को कुछ पता नहीं चला। पुलिस सोती रही और चोरी अपना काम करके चले गए। रात भर पुलिस का भी इस मार्ग पर कई बार आना जाना रहता है। कोतवाली में पुलिस आती जाती रहती है। पर किसी को भी चोरी होने का पता नहीं चला। चोरों को भी पुलिस का बिल्कुल भी डर नहीं रहा।