धामपुर। स्वाधीनता दिवस के मौके पर धामपुर ब्लॉक की सभी 97 ग्राम पंचायतों में विकास विभाग की ओर से 45 हजार तिरंगों का घर-घर निशुल्क वितरण होगा। झंडा तैयार करने का कार्य ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं ने शुरू कर दिया है। नौ अगस्त को घर-घर जाकर झंडों का वितरण शुरू किया जाएगा। मिशन महिलाओं की ओर से तिरंगों को तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। 13 अगस्त तक तिरंगों का वितरण कराने का लक्ष्य है।
मिशन प्रभारी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी हिमांशु चौहान ने बताया कि ब्लॉक में करीब दो हजार समूह गठित है। करीब 20 हजार से अधिक महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही हैं। धामपुर ब्लॉक को चार क्लस्टरों में बांटा गया है। इनमें पहचान, नया सवेरा, संगम और महामाया क्लस्टर शामिल हैं। इनमें पंचायत अलादीनपुर भटपुरा की नंदिनी समूह स्वयं सहायता समूह, मुस्तफापुर तैयब पंचायत में शिव शक्ति स्वयं सहायता समूह, सलाराबाद में राधे-राधे स्वयं सहायता समूह और अल्हैपुर धामपुर की बेबी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को झंडों को तैयार करने का काम सौंपा गया है। पिछले साल भी महिलाओं द्वारा झंडे तैयार किए गए थे। प्रत्येक क्लस्टर को 12-12 हजार झंडे तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। पूरे ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में समूह की महिलाओं द्वारा तैयार झंडों का 13 अगस्त तक वितरण किया जाएगा।