मतदान में प्रथम स्थान प्राप्त करना लक्ष्य : डीएम
बिजनौर। लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारा लक्ष्य प्रदेश में मतदान कराने में प्रथम स्थान प्राप्त करना है।
बृहस्पतिवार को एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 67.1 प्रतिशत मतदान हुआ था और बिजनौर को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला था। लोकसभा चुनाव में 80 प्रतिशत मतदान कर हमें प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना है और हम सबके सहयोग से यह संभव है। जनपद स्वीप टीम बहुत अच्छा कार्य कर रही है। कार्यक्रम में मनोज यादव, सुधांशु वत्स, जरीफन आदि ने मतदान करने को प्रेरित करने के लिए विचार व्यक्त किए। बेसिक और माध्यमिक छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाकर सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने लघु नाटक और मतदान करने को प्रेरित करने वाले अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संचालन वर्षा अग्रवाल व अतीक दानिश ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में आशाएं एएनएम, आंगनबाड़ी, सफाई कर्मचारी, बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान स्वीप प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एसके निगम, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति भार्गव, डीपीआरओ सतीश कुमार, अमिता रस्तोगी, ओमपाल सिंह, मनोज कुमार, संगीता रानी आदि मौजूद रहे।