गोशाला में चारा न मिलने से गाय की मौत
शेरकोट। अधिकारियों की लापरवाही के चलते गोशाला में भूख और ठंड से एक गाय की मौत हो गई। गांव नया गांव में लगभग 2 करोड़ 32 लाख की लागत से गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। गोशाला में लगभग 13 गोवंश हैं। जिनमें से एक गाय की चारे के अभाव और ठंड के चलते 29 जनवरी को मौत हो गई थी। सोमवार को एक और गाय ने दम तोड़ दिया। इस गाय को भी बिना पोस्टमार्टम कराए दो कर्मचारियों ने दफना दिया।
गांव के त्रिलोक, छोटे, रामफूल आदि का आरोप है कि कर्मचारी उचित देखभाल नहीं कर रहे हैं और न ही गायों को ठीक प्रकार से चारे की व्यवस्था की जा रही है। मात्र एक टाइम ही चारे के रूप में केवल भूसा दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, गोशाला में पशुओं की जांच करने पहुंचे चिकित्सक बलराम सिंह ने कहा कि गायों को समय पर चारा नहीं दिया जा रहा है। यदि इन पशुओं को भूसे के साथ हरे चारे की व्यवस्था नहीं हुई तो अन्य पशुओं की जान को खतरा हो सकता है। चारा न मिलने पर डाक्टरों ने बंधी गायों का ताकत के इंजेक्शन भी लगाए। वहीं, एसडीएम कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य का कहना है कि गाय की मौत ठंड व चारे की वजह से नहीं हुई है। बल्कि गाय कमजोर थी। कुछ दिनों पहले भी एक गाय की मौत हुई थी, वह भी कमजोर थी। गोशाला में पशुओं के चारे और आश्रय की भी बेहतर व्यवस्था है।