बिजनौर को मॉडल जिला बनाने की मुहिम जारी : डीएम
नजीबाबाद । नजीबाबाद में लघु फिल्म ‘स्वच्छता जीवन का सार है’ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान डीएम अटल कुमार राय ने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यटन योजनाओं सहित विभिन्न कार्यक्रमों से बिजनौर को मॉडल जिला बनाना है।
प्राथमिक स्कूल मौअज्जमपुर तुलसीगढ़ी में जिलाधिकारी अटल कुमार राय ने फीता काटने के साथ नारियल फोड़कर लघु फिल्म ‘स्वच्छता जीवन का सार है’ का शुभारंभ किया। डीएम ने कहा कि हरा भरा वातावरण, स्वच्छ पर्यावरण, नदियों की निर्मलता के साथ शासन की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और अन्य योजनाओं की सफलता के साथ बिजनौर को मॉडल जिला बनाने का अभियान जन सहभागिता से चलाया जा रहा है। उन्होंने मौअज्जमपुर तुलसीगढ़ी निवासी केंद्र और प्रदेश सरकार से सम्मानित स्वच्छताग्रही जरीफन के गांव से स्वच्छता पर आधारित लघु फिल्म को क्षेत्र की उपलब्धि बताया।
एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा ने नजीबाबाद में पूर्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मिशन पर आधारित फिल्म ‘बेटी’ के निर्माण के बाद ‘स्वच्छता जीवन का सार है’। लघु फिल्म का नजीबाबाद सरजमीं से निर्माण को उपलब्धि बताया। फिल्म के निर्माता निर्देशक सुमित सिंगर ने मौअज्जमपुर तुलसीगढ़ी और जनपद के बास्टा क्षेत्र में लघु फिल्म का दृश्य फिल्मांकन किए जाने और एक माह में लघु फिल्म तैयार होने की जानकारी दी। इससे पूर्व स्वच्छताग्रही जरीफन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गजाला परवीन, ग्राम प्रधान मो.खादिम, मुस्तकीम ने डीएम और एसडीएम का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी एमएम चतुर्वेदी, एसएसआई संदीप त्यागी, एबीआरसी मोबीन हसन, शिक्षिका सबीहा अंजुम, हुमा परवीन, डॉ.मो.राशिद, हबीर्बुरहमान, मो.यामीन उपस्थित रहे।
ये हैं लघु फिल्म के कलाकार
नजीबाबाद। स्वच्छता जीवन का सार लघु फिल्म के निर्माता निर्देशक सुमित सिंगर ने जनपद के युवाओं को बतौर कलाकार शामिल किया है। जिसमें प्रधान की भूमिका में डॉ.सोनू, अधिकारी की भूमिका में गौतम सैनी, संजीव राणा, राहुल नालिया, शहरी और ग्रामीण परिवेश से जुड़े दंपती की भूमिका में सुमित सिंगर, अंशु शामिल हैं। अन्य कलाकारों में स्वच्छताग्रही जरीफन, सतीश कुमार और संजीव कुमार को भी बतौर कलाकार शामिल किया जाएगा।