बहनों ने भाइयों को लगाया मंगल तिलक
नगीना/हल्दौर/नूरपुर। क्षेत्र में भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर शुभ तिलक लगाकर उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए सौभाग्य के प्रतीक गोले भेंट किए। मिठाई की दुकानों पर भारी भीड़ रही। रोड़वेज व प्राइवेट बसों में भारी भीड़ रही। इस दौरान बहनों को भाइयों के घर जाने के लिए भारी जाम से जूझना पड़ा। पुलिस ने कई स्थानों पर रूट डायवर्ट कर जाम खुलवाया।
वहीं, हल्दौर के क्षेत्र में भैया दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों की लंबी आयु की कामना करते हुए भाई का तिलक होने तक उपवास रखा। माही धीमान, कंचन शर्मा, सीमा, शीतल, मंजू आदि बहनों ने अपने भाईयों का माथे पर रोली का तिलक लगाया और गोला आदि देकर उनकी लंबी आयु की कामना की। इस दौरान बाजारों में काफी भीड़भाड़ रही। जगह-जगह मिठाइयों के स्टाल लगे हुए थे। ग्राम अम्हेड़ा, पावटी, पैजनियां, खासपुरा, नांगलजट, बिसाठ, लाडनपुर, कूकड़ा इस्लामपुर, नवादा तुल्ला का आदि गावों में भैया दूज का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया।
वहीं, नूरपुर में भाई बहन के प्यार का प्रतीक भैया दूज का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान रोडवेज बसों के अलावा बहनों ने भाइयों को तिलक करने जाने के लिए डग्गामार वाहनों का भी सहारा लिया।