अमरोहा। अगर नगर पालिका के प्रभारी ईओ के पत्र पर अमल किया गया तो जल्द ही शहर वासियों को गांधी मूर्ति चौराहा और स्टेशन रोड अतिक्रमण मुक्त मिलेगा। गांधी मूर्ती चौराहे पर वाहनों के अतिक्रमण को हटाया जाएगा। अभियान चलाकर वाहनों को सीज किए जाएंगे। इसकेे लिए प्रभारी ईओ ने एसपी और एआरटीओ को पत्र लिखकर मदद मांगी है।
गांधी मूर्ती चौराहा के आसपास अनाधिकृत रूप से चार पहिया वाहन खड़े किए जाते हैं। डीआईओएस कार्यालय से गांधी मूर्ती चौराहे तक अनाधिकृत वाहन खड़े किए जा रहे हैं। स्टेशन रोड भी अतिक्रमण की जद में हैं। अमर उजाला ने शहरवासियों की इस समस्या को जोरशोर से उठाया। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है। गांधी मूर्ति चौराहा और स्टेशन रोड पर अतिक्रमण करने वाले अनाधिकृत वाहनों को जल्द हटवाया जाएगा। अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाकर अनाधिकृत वाहनों को सीज करने की तैयारी की जा रही है। सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण को हटवाने के लिए परिवहन विभाग और नगर पालिका संयुक्त कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रभारी ईओ ने एसपी और एआरटीओ से मदद मांगी है। एसडीएम व नगर पालिका के प्रभारी ईओ सुखवीर सिंह ने बताया कि दोनों विभागों को पत्र भेजा गया है। संयुक्त कार्रवाई कर जल्द ही चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।