दुष्कर्म के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
नजीबाबाद। समाज सुधारक सेवा समिति उप्र और खिदमत-ए-खल्क वेलफेयर सोसायटी ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बालिकाओं के साथ हुए दुष्कर्म के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। संस्थाओं ने राष्ट्रपति को प्रेषित किए ज्ञापन में दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
समाज सुधारक सेवा समिति उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, महामंत्री फराज हुसैन, हरिओम भारद्वाज, रेहान अंसारी के नेतृत्व में समिति ने रविवार शाम कैंडल मार्च निकाला। समिति सदस्यों ने मंदसौर (मप्र), लखनऊ, नजीबाबाद में बालिकाओं के साथ हुए दुष्कर्म की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों को फांसी देने की मांग की। नगर में निकाले गए कैंडल मार्च में आदित्य, अनुज, धीरज, जीशान अली, वसीम, इमरान, कुलदीप, अभिषेक, तुुषार, सुदेश शर्मा, रोहित आदि मौजूद रहे।
उधर, खिदमत-ए-खल्क वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अल्ताफ रजा, अजीम इकबाल, जीशान, शुजात खां के नेतृत्व में दुष्कर्म की घटनाओं पर रोष व्यक्त किया गया। सोसायटी सदस्यों ने मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए कैंडल मार्च निकाला। वहीं, मोहल्ला सब्नीग्रान से निकाले गए कैंडल मार्च में वसीम, अमजद सिद्दीकी, तारिक पहलवान, रिजवान, शेरू राजन, जीशान मुल्तानी आदि मौजूद रहे।