हल्दौर। बिलाई शुगर मिल का पेराई सत्र पूरा होने वाला है। मिल को पर्याप्त मात्रा में गन्ना न मिलने से नो केन की स्थिति पैदा होने लगी है। मिल को रोक-रोक कर चलाया जाने लगा है। मिल गेट पर किसानों का सीधा गन्ना तुलवाने की व्यवस्था की गई है।
गन्ना पेराई सत्र अंतिम चरण में है। बिलाई शुगर मिल ने क्षेत्र में 89 गन्ना क्रय केंद्र खोले थे। इन गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना आना बंद हो गया है। मिल के केन मैनेजर सिताब सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर गन्ना न आने के कारण इन्हें बंद किया गया है। गन्ने को पर्ची के कोड पर मिल के कांटों पर सीधा तुलवाने की व्यवस्था की गई है। किसान अपना शेष बचा गन्ना मिल केन यार्ड के कांटों पर तुलवाने में लगे हैं। मिल को पर्याप्त मात्रा में गन्ना न मिलने से नो केन की स्थिति पैदा हो गई है। पेराई के लिए गन्ने को पर्याप्त मात्रा में इकट्ठा कर मिल को रोक-रोक कर चलाया जा रहा है। एक दो दिन में ही मिल के बंद होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उधर, बिलाई शुगर मिल ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया है। मिल बंद होने को तैयार है। इससे किसानों में मिल प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद कुमार का कहना है कि बिलाई शुगर मिल किसानों का बकाया गन्ना भुगतान न देकर उनका शोषण कर रही है। शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।