राजा का ताजपुर। दहेज में बाइक न मिलने से नाराज दूल्हे ने बारात जाने से एक दिन पहले शादी करने से मना कर दिया। इस मामले को लेकर वधू व वर पक्ष के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भी मामला नहीं सुलझा। इसके बाद लड़की पक्ष ने दहेज में दिया सामान वापस लेकर रिश्ता खत्म कर दिया।
ताजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री का रिश्ता स्योहारा थाना क्षेत्र के एक गांव में तय किया था। आठ दिन पूर्व लगन भी चला गया था और 18 अप्रैल को शादी होनी थी। लग्न में तिलक के समय वधू पक्ष की ओर से अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया। लेकिन दूल्हा बाइक न मिलने से नाराज था। शादी से एक दिन पहले दूल्हे ने बारात ले जाने से मना कर दिया। इस दौरान दुल्हन पक्ष के यहां सभी मेहमान, खाना बनाने वाले हलवाई भी आ चुके थे। बारात ने आने की सूचना से दुल्हन पक्ष के लोग सकते में आ गए और वह दूल्हे के यहां पहुंचे। इस मामले को लेकर दोनो पक्षों में पंचायतें भी हुईं, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में दुल्हन पक्ष ने दहेज में दिया सामान और खर्च हुए रुपये वापस लेकर रिश्ता तोड़ दिया। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।