बिजनौर। गंगा की धारा को अविरल और निर्मल बनाने में लगे श्रद्धालुओं को अब सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए शासन ने जिला मुख्यालयों से अपने प्रयास से गंगा को स्वच्छ बनाने में लगे लोगों की सूची वन विभाग से मांगी है। जिले में नमामि गंगे योजना के जिला संयोजक सौरभ सिंघल का नाम शासन को भेजा गया है।
गंगा को निर्मल करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार बहुत प्रयास कर रही है। गंगा किनारे बसे गांवों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। गंगा किनारे सफाई से लेकर पौधरोपण अभियान तक बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। गंगा को निर्मल बनाने के लिए व्यक्तिगत प्रयास में जुटे गंगा पुत्रों को अब सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए हर जिले से शासन द्वारा इन गंगा पुत्रों के नाम मांगे गए थे। इनमें से कुछ को सात अप्रैल को लखनऊ में आयोजित हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया, जबकि बाकी को किसी अन्य कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। वन विभाग ने बिजनौर से नमामि गंगे योजना के जिला संयोजक सौरभ सिंघल का नाम भेजा गया है। सौरभ सिंघल ने कई बार गंगा किनारे सफाई अभियान चलाया है। जिले में पहली बार हरिद्वार की तर्ज पर मां गंगा की आरती शुरू की गई। इसमें आम जनता से लेकर जिले के अधिकारी व समाजसेवी शामिल होते हैं। इसके बाद से कई सामाजिक संस्थाएं खुद भी जाकर गंगा किनारे सफाई करती हैं। डीएफओ एम सेम्मारन ने सौरभ सिंघल का नाम शासन को भेजने की पुष्टि की है।