नींदडू़ साधन सहकारी समिति के छह वार्डों के लिए कराए गए चुनाव में दो संचालकों का निर्णय पर्ची डालकर हुआ। कुल 81.57 प्रतिशत मतदान हुआ। 532 वैध मतदाताओं में से 444 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मोहम्मद आमिर, खुर्शीद आलम, गुलशन वाल्मीकि पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
सोमवार को चुनाव परिणाम की जानकारी देते हुए चुनाव अधिकारी विनेश कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या-तीन नींदडू़ खास (काजियान) में डाले गए 158 वोटों में से शहजाद, जमशेद को 72-72 वोट मिले। पर्ची डालकर लिए गए निर्णय में शहजाद को जीत मिली, फरमान को 07, दिलशाद को 06 वोट मिले। 99 वोटर वाले वार्ड संख्या-चार नींदडू खास (शेखान) में डाले गए 75 मतों में से नबील ने 37 मत हासिल कर अंसार (35) को दो मतों से हराया। 46 मतदाता वाले वार्ड संख्या-पांच नींदडू़ खास (फरजाना) में डाले गए 45 वोटों में से एक मत निरस्त हो गया। मोहम्मद नवेद अरशद और गुलाम शैदा एडवोकेट को 22-22 वोट मिले। जीत का फैला गोली डालकर किया गया। गोली में नवेद अरशद विजयी रहे।
सबसे कम 41 मतदाता वाले वार्ड संख्या-सात बाजीदपुर-प्रथम में डाले गए 33 मतों में से मुजीबुर्रहमान ने 21 मत लेकर निसार अहमद (12) को 09 मतों से हराया। 124 वोटर वाले वार्ड संख्या-आठ बाजीदपुर-द्वितीय (बढ़ियो सराय सहित) में डाले गए 92 वोटों में से शकीला को सभी 92 वोट मिले, वरीसा को कोई मत नहीं मिला। 42 मतदाता वाले वार्ड संख्या-नौ महाबतपुर बीरू में डाले गए 41 मतों में से महरून्निसा ने 28 वोट लेकर रशीदन (12) 16 मतों से परास्त किया।
नौ संचालकों में से दो निर्विरोध चुने गए
स्योहारा। स्योहारा किसान सहकारी सेवा समिति के संचालक मंडल के लिए मतदान शांति पूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी इंदर सिंह ने बताया कि समिति के लिए नौ संचालकों के लिए मतदान होना था। जिसमें से दो संचालक वार्ड कासमाबाद से परम सिंह तथा स्योहारा से ताहिर फातमा पत्नी खुर्शीद खान निर्विरोध चुने जाने के कारण वार्ड दिंदारपुर, पालनपुर, मीठेपुर, मलकपुर, बरखेड़ा, सिपाहीवाला में संचालक पद के लिए मतदान हुआ। चुनाव के लिए किसान सेवा सहकारी समिति में चार, ब्लाक कार्यालय में तीन बूथ बनाए गए। सुबह से ही मतदान बूथों पर बेहद भीड़ रही। मतदान में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। मतदान में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का व्यापक प्रबंध रहा।