बिजनौर। रोडवेज की बसें सर्दियों में बिना तैयारियों के सड़क पर दौड़ रही है। रोडवेज की अधिकांश बसों में फॉग लाइट नहीं है। वाइपर खराब हैं। ऐसे में रोडवेज की बसें कभी भी सड़क हादसे का शिकार हो सकते हैं।
नवंबर से सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। जिले में मंगलवार से बृहस्पतिवार तक कोहरा भी छाया रहा। जिसके कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक भी लगा था। बिजनौर में निगम की 106 बसें निगम व 28 अनुबंधित बसें हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम के अधिकारी बिना फॉग लाइट व वाइपर के ही बसों को सड़कों पर दौड़वा रहे हैं। निगम अपने रवैये में सुधार लाने को तैयार नहीं है और ऐसा कर यात्रियों की जान से खेल रहा है। निगम के चालकों ने बताया कि अधिकांश बसों में फॉग लाइट नहीं है व बसों में वाइपर खराब पड़े है। अधिक कोहरा आने पर वह स्वयं बसों को सड़क किनारे रोककर कपड़े से शीशे को साफ करते है। हालांकि बसों की शीशे काफी हद तक सही है। ऐसे में सड़क दुघर्टना होने का खतरा बढ़ जाता है।
एआरएम वीके मौर्य ने बताया कि निगम की बसों में आल वेदर बल्ब है। सभी गाड़ियों में वाइपर सही है और काम भी कर रहे हैं। कभी वाइपर व लाइट में दिक्कत हो जाती है तो उन्हें सही करा दिया जाता है।