कोल्हुओं पर बढ़ने लगे गन्ने के दाम
- मिल चलते ही किसानों को रिझाने की कवायद शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
जिले में शुगर मिलों के चक्के घूमते ही गन्ने के दामों में तेजी आने लगी है। बिलाई क्षेत्र में गन्ने के दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं। कोल्हुओं पर गन्ने के दामों में 25 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल आ गया है। बाकी मिलों के चलने पर गन्ने के दामों में और उछाल आने की उम्मीद है।
खेत से गन्ना खत्म करके गेहूं बोना हो या घर का खर्च चलाने के लिए नगद गन्ना बेचना हो, कोल्हू किसानों की पहली पसंद हैं। जिले में एक हजार कोल्हू और 70 क्रेशर हैं। एक कोल्हू पर प्रतिदिन करीब 100 क्विंटल गन्ने और क्रेशर पर करीब एक हजार क्विंटल गन्ने की पेराई रोज होती है। दोनों के पूरी क्षमता से चलने पर जिले में रोजाना करीब डेढ़ लाख क्विंटल गन्ने की पेराई होती है। मिल न चलने पर कोल्हू मालिक कम कीमत पर गन्ना किसानों से खरीदते हैं। पिछले साल नवंबर में कोल्हू पर गुड़ के दाम 2600 रुपये प्रति क्विंटल थे, लेकिन इस बार चार हजार रुपये प्रति क्विंटल तक हैं। गुड़ के दामों से उछाल आने से कोल्हू मालिक मुनाफे में हैं। जिले में बिलाई शुगर मिल ने गन्ने की पेराई शुरू कर दी है। बिलाई क्षेत्र में कोल्हुओं पर गन्ने के दाम 250 रुपये प्रति क्विंटल तक थे। मिल चलते ही गन्ने के दाम 275 रुपये प्रति क्विंटल तक जा पहुंचे हैं। बिलाई क्षेत्र की तरह ही और शुगर मिलों में पेराई शुरू होने से वहां भी गन्ने के दाम और बढ़ने की संभावना है। कोल्हू मालिक शहजाद के मुताबिक मिल चलने के बाद से गन्ने के दाम और बढ़ाने पड़ सकते हैं।