बड़िया/नजीबाबाद । फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में सिटी क्लब नजीबाबाद ने खालसा यूनाइटेड क्लब बड़िया को 2-1 से पराजित किया।
थापा फुटबॉल क्लब नजीबाबाद की ओर से बड़िया में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि लवली चौधरी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में अच्छे खेल के साथ साथ मैत्री भाव का परिचय देने की सलाह दी। टूर्नामेंट का पहला मैच खालसा यूनाइटेड क्लब बड़िया और सिटी क्लब नजीबाबाद के बीच खेला गया। मैच के फर्स्ट हाफ में बड़िया की टीम ने एक गोल कर मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। सेकेंड हाफ में सिटी क्लब के मिड फील्डर शहजाद ने एक गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
संघर्षपूर्ण मैच के अंतिम क्षणों में सिटी क्लब के स्ट्राइकर तुषार ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। जिस पर सिटी क्लब 2-1 से विजयी रहा। डॉ. जीशान रिजवी, शन्नी, राज क्षेत्री रेफरी रहे। उद्घाटन मैच के समापन पर टूर्नामेंट के अध्यक्ष रवि थापा ने बताया कि शनिवार (आज) धामपुर और बड़िया की टीम के बीच टूर्नामेंट का दूसरा मैच खेला जाएगा।