हत्यारोपी को छुड़ाने के लिए कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोकझोंक
हल्दौर। मोबाइल टावर पर काम करने वाले युवक की हत्या के मामले में रिमांड पर लिए गए हत्यारोपी को भाकियू भानु के पदाधिकारियों ने निर्दोष बताते हुए पुलिस से छोड़ने को कहा। हत्यारोपी को छुड़ाने के लिए थाने में हंगामा किया। पुलिस से जिलाध्यक्ष की तीखी नोकझोंक हुई। जिलाध्यक्ष मामले को जिला मुख्यालय पर उठाने की बात कहते हुए वापस लौट गए। पुलिस ने हत्यारोपी से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
करीब डेढ़ माह पहले गांव शाहनगर निवासी ओमकार सिंह की मोबाइल टावर पर ड्यूटी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की मां गजाला देवी ने चांदपुर थाने के गांव बागड़पुर निवासी निपेंद्र सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। निपेंद्र ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। अदालत ने निपेंद्र को जेल भेज दिया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचे की बरामदगी के लिए बुधवार को निपेंद्र को रिमांड पर लिया था। पुलिस निपेंद्र से रिवाल्वर बरामद कर उसे थाने लेकर पहुंची। इस दौरान भाकियू भानू के जिलाध्यक्ष विजय सिंह सहरावत, ग्राम प्रधान हरवीर सिंह आदि लोगों के साथ थाने पहुंचे। भीड़ ने निपेंद्र को बेकसूर बताते हुए पुलिस से उसे छोड़ने को कहा और हंगामा किया। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र व विजय सिंह सहरावत की तीखी नोकझोंक की। पुलिस ने भीड़ को किसी तरह शांत किया। विजय सिंह सहरावत ने निपेंद्र को न छोड़ने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। कुछ देर बाद जिलाध्यक्ष व अन्य लोग वापस लौट गए। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र का कहना है कि विवेचना में वे किसी प्रकार का दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी युवक ने अपना जुर्म कबूल लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा व एक कारतूस बरामद किया है।