प्रशिक्षण कराने के नाम पर की गई 40 हजार की डिमांड
बिजनौर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदक की आशाओं ने चंदक एमओआईसी पर उनका प्रशिक्षण कराने के लिए 40 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इसे लेकर आशाओं ने प्रभारी चिकित्साधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आशाओं ने सीएमओ से प्रभारी चिकित्साधिकारी को हटवाकर उनका प्रशिक्षण शीघ्र ही शुरू कराने की मांग की है।
ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल की आधा दर्जन से अधिक आशाओं ने सीएमओ को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदक के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. देवेंद्र कुमार की ओर से वर्ष 2018-19 में 23 मार्च को चयन किया गया था, जिसका प्रशिक्षण किया जाना शेष है। अब डा. देवेंद्र कुमार इस चयन प्रक्रिया को अवैध बताकर प्रशिक्षण नहीं करा रहे हैं, जबकि इन सभी आशाओं का चयन विभाग के निर्देश पर ही की गई थी। ग्राम तैयबपुर काजी की आशा कार्यकर्ता संतरेश देवी, छकड़ा की रूबि, बिलासपुर की अंजीता, सुक्खापुर की रुमन, मंडावली सैदू की नाजमा, खुड़ाहेड़ी की सोनम, इनामपुरा की माया, खलीउल्लापुर की मंजू तथा फरीदपुर दर्गा की ज्योति का आरोप है कि उनका प्रशिक्षण न कराकर बाद में चयनित आशाओं का प्रशिक्षण कराया जा रहा है और प्रशिक्षण कराने के नाम पर उनसे 40 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर डाक्टर देवेंद्र कुमार उनके प्रशिक्षण कराने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं और अब नियुक्तियों को फर्जी बताकर उन्हें गुमराह किया जा रहा है। आशाओं ने यह भी आरोप लगाया कि डाक्टर देवेंद्र के रहते उनका प्रशिक्षण नहीं कराया जा सकता, इसलिए आशाओं के हित में इनको यहां से हटाना जरूरी है। वहीं डाक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सभी आरोप निराधार है। ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति के प्रस्ताव से रखी जाती है। समिति द्वारा इनके नाम का प्रस्ताव नहीं किया गया था। चयन प्रक्रिया नियमानुसार ही की गई है।