जिले में पहले दिन 32 सैंपल की हुई जांच
बिजनौर। जिला अस्पताल में स्थापित आरटीपीसीआर लैब में पहले दिन मंगलवार को 32 सैंपलों की जांच की गई। अफसरों के अनुसार इस लैब में एक दिन में एक हजार सैंपल टेस्ट किए जा सकते हैं। सुबह लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट शाम तक आ जाया करेगी।
शासन के निर्देश पर जिले में जांच का दायरा बढ़ाने के लिए जिला महिला अस्पताल के पुराने भवन में आरटीपीसीआर जांच लैब स्थापित की गई है। इससे पूर्व केवल रैपिड एंटीजन किट से और ट्रूनॉट मशीन से जांच की जाती थी। आरटीपीसीआर जांच के लिए नोजल और थ्रॉट स्वाब लेकर जांच के लिए दूसरे जनपद की लैब में भेजे जाते थे। अफसरों ने बताया कि सुबह लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट शाम तक आ जाया करेगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि अब यहां पर टेस्टिंग लैब पूरी तरह से इंस्टाल की जा चुकी है। यहां पर मशीनें स्थापित कर दी गई हैं और स्टाफ की भी तैनाती हो गई है। इस लैब का नोडल अधिकारी डा. संजय कुमार शंकर को बनाया गया है। फिलहाल इस लैब में दो विशेषज्ञ, एक डाटा ऑपरेटर, तीन लैब टेक्नीशियन और दो लैब सहायक हैं। फिलहाल 1500 सैंपल टेस्ट करने का सामान भी लैब में मौजूद है।