भाकियू अंबावत के कार्यकर्ताआें ने किया प्रदर्शन
नजीबाबाद। भाकियू अंबावत ने किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ कराने, गन्ना भुगतान 14 दिनों के भीतर कराने, बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों ने दो टूक कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन (अ) के जिलाध्यक्ष चौधरी विजय सिंह सहरावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान तहसील परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में किसानों के गन्ने का भुगतान 14 दिनों के भीतर मय ब्याज सहित कराने, बिजली की बढ़ी दरें वापस कराने, 60 वर्षीय से अधिक किसान-मजदूरों को पांच हजार रुपये मासिक पेंशन दिलाने, जंगली-जानवरों से फसलों और किसानों की पुख्ता सुरक्षा कराने, फसलों की सिंचाई के लिए नहरों में 12 महीने पानी छोड़े जाने, चीनी मिलों की घटतौली पर रोक लगाने, बिजली की अव्यवस्था दुरुस्त कराने, नांगल-चंदक नहर पटरी मार्ग पक्का कराने सहित अनेक समस्याएं उठाईं। जिलाध्यक्ष चौधरी विजय सिंह सहरावत ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं और अधिकांश चीनी मिलें किसानों का गन्ना भुगतान 14 दिनों के अंदर नहीं कर रहीं हैं। किसानों ने दो टूक कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया तो किसान सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारी किसानों में शिव कुमार, धीर सिंह, फुरकान, आशु पठान, अल्ताफ, जावेद, अल्लादिया, चौधरी वीरेंद्र सिंह, पंकज, मुफ्ती नफीस, डॉ.प्रीतम, टीकम, चमन सिंह, कृपाल सिंह, टीकाराम सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, इस्लामुद्दीन, विक्रम सिंह, हरप्रीत सिंह, धर्मपाल सिंह, कुंवर सिंह, सुरेंद्र सिंह, नौशाद अख्तर आदि मौजूद रहे।