रेलवे ट्रैक पर रहेगा तीसरी आंखों का पहरा, रुकेंगी चोरी की वारदात
बिजनौर। रेलवे ट्रैक पर अब तीसरी आंख का पहरा रहेगा। आए दिन रेलवे ट्रैक पर होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे प्रशासन ने गजरौला से मौजमपमुर ब्रांच लाइन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है। अफसरों के अनुसार करीब 90 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर 45 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एक कैमरा दो किलोमीटर की निगरानी करेगा। इनमें एक माह का ब्योरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।
गजरौला से मौजमपुर ब्रांच लाइन पर रेलवे प्रशासन की ओर से विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। आए दिन रेलवे ट्रैक से चोरी की वारदात होती रहती हैं। इससे कई ट्रेनें घंटों तक लेट हो जाती हैं। इससे एक ओर जहां रेलवे विभाग को काफी नुकसान होता है, तो वहीं ट्रेनें लेट होने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को गंतव्यों तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। रेलवे प्रशासन ने इसके सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। अफसरों के अनुसार पिछले दिनों ट्रैक से करीब छह बार विद्युत तार चोरी हो चुके हैं। ऐसी सभी समस्याओं से बचने के लिए समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी निकटवर्ती स्टेशनों से होगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रत्येक कैमरा करीब दो किलोमीटर के दायरे को कवर करेगा। साथ ही सारे कैमरे एक-दूसरे से कनेक्ट रहेंगे, जिससे कभी आसानी से पिछला रिकॉर्ड निकाला जा सके। स्टेशन अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए सभी स्टेशन अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के अनुसार कार्य किया जाएगा।