हादसे में घायल हुए व्यक्ति की मौत
हल्दौर। गांव पैजनियां के समीप चांदपुर मार्ग पर पांच दिन पूर्व दो बाइकों की भिड़ंत हो गई थी। जिसमें नहटौर के गांव खेतापुर निवासी बाइक सवार कुलदीप (45) गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसका उपचार निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
सौभाग्य योजना की रिपोर्ट प्रस्तुत की
बिजनौर। विद्युत निगम की बैठक में सौभाग्य योजना की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। निगम के एमडी आईएएस अधिकारी आशुतोष निरंजन ने जिले के अलावा रामपुर के अधिकारियों से भी वार्ता की। कहा कि इस योजना में शत प्रतिशत बीपीएल घरों में नि:शुल्क कनेक्शन दिया जा रहा है। अगर कोई योजना से वंचित रह गया हो तो उसे अब भी कनेक्शन दें। इस दौरान वी बंसल, एसके सिंह, आईपी सिंह, सीपी सिंह, सतगुरू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
दो पक्षों में मारपीट
बिजनौर। बुधवार शाम सिविल लाइन में एक बार पर कार हटाने को लेकर दो पक्ष आमने सामने हो गए। दोनों में मारपीट के बाद भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शहर का एक युवक बुधवार को कीमती कार खरीदकर लाया था। कार लेकर वह सिविल लाइन में बार के पास पहुंच गया। वहां सिख समुदाय के एक युवक से कार हटाने को लेकर उसका विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के बाद भगदड़ मच गई। सिख समुदाय के बड़ी तादाद में लोग वहां पहुंच गए। युवक वहां से भाग गया। पुलिस भी पहुुंच गई।