अमरोहा। जोया ब्लाक के गांव पतेई खालसा में राशन डीलर पति की शनिवार को डेंगू से मौत के बाद भी जिले के स्वास्थ्य विभाग ने गांव की सुध नहीं ली है। गांव में डेंगू से मौत की सूचना के बाद सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजने के निर्देश दिए थे। लेकिन रविवार की देरशाम तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में दिखाई नहीं दी।
पतेई खालसा में शनिवार को युवक की डेंगू से मौत के बाद भी सेहत महकमे ने गांव की सुध नहीं ली है। हालांकि युवक की डेंगू से मौत के बाद सीएमओ डॉ. रमेशचंद्र शर्मा ने गांव में तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भेजकर जांच कराने और गांव में मच्छरनाशक दवाई का स्प्रे व लार्वानाशक दवाई का छिड़काव कराने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद अगले दिन की देरशाम तक गांव में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम दिखाई नहीं दी। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गांव निवासी गुलाम मोहम्मद की शनिवार को इलाज के दौरान मुरादाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई थी।
अस्पताल प्रशासन ने डेंगू से युवक की मौत की पुष्टि की है। हैरत की बात है कि डेंगू से मौत के बाद भी जिले के स्वास्थ्य विभाग ने गांव की सुध नहीं ली है। जबकि गांव में डेंगू के दूसरे केस पाए जाने की पूरी संभावना बनी हुई है।
सीएमओ ने कहा कि 26 नवंबर से शुरू हो रहे मीजिल्स रूबैला अभियान में विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों की कमी के चलते गांव में टीम नहीं भेजी जा सकी है। जल्द ही टीम भेजकर गांव में हालात देखे जाएंगे।