जिले को मिला चार नई बसों का तोहफा
बिजनौर। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने जिले को चार नई बसों की सौगात दी है। अफसरों ने चारों बसों के रूट तय कर दिए हैं। सभी चारों बसें 26 नवंबर से दौड़नी शुरू हो जाएंगी। इनका संचालन बिजनौर डिपो से ही होगा।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के बिजनौर डिपो में कुल 116 बसें हैं। इनमें 86 निगम की हैं तो 30 अनुबंधित हैं। चार नई बसें और मिली हैं इन्हें मिलाकर कुल 120 बसें हो जाएंगी। अफसरों ने चारों बसों के लिए रूट चार्ट तैयार कर लिया है। इनका परिचालन चार रूटों पर 26 नवंबर से बिजनौर डिपो से ही होगा। अफसरों के अनुसार बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। बस स्टेशन इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया कि प्रतिदिन पहली बस बिजनौर-हल्द्वानी वाया हरिद्वार-बिजनौर, दूसरी बस बिजनौर-मुरादाबाद-बदायूं वाया चंदौसी-हरिद्वार, तीसरी बस बढ़ापुर-देहरादून वाया मुरादाबाद-बिजनौर जबकि चौथी बस धामपुर दिल्ली वाया बिजनौर के लिए चलाई जाएंगी।