अमरोहा। रेलवे स्टेशन माल गोदाम पर आयोजित बीपीएड बेरोजगार संघ की बैठक में जूनियर हाईस्कूलों में खाली पड़े खेल अनुदेशकों के 32 हजार पदों को भरने की सरकार से मांग की गई।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि उच्च न्यायालय के भर्ती पूरी करने के आदेश को ठेंगा दिखाकर प्रदेश सरकार तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। इसको लेकर प्रदेश के एक लाख से ज्यादा बीपीएड डिग्रीधारकों में तीव्र रोष है। प्रतिनिधिमंडल कई बार मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री से मिलकर मांगें रख चुका है। लेकिन कोरे आश्वासन के सिवाय आज तक कोई नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि कुंभकर्ण की नींद सो रही सरकार को जगाने के लिए 19 सितंबर को विधानसभा के सामने धरना-प्रदर्शन कर सरकार का घेराव किया जाएगा। बैठक में सुशील कुमार गुर्जर, डॉ. रामौतार सिंह, बृजपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमित, आयुष, मंजीत सिंह, अरूण कुमार, शुमायला जावेद, मनोज कुमार आदि रहे।