हसनपुर। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं की एक बैठक शनिवार को मंडी समिति परिसर में हुई, जिसमें बिजली के बिलों में की गई वृद्धि को वापस लेने और गन्ना मूल्य भुगतान ब्याज सहित दिलाए जाने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में तूफान से प्रभावित धान आदि की फसलों का मुआवजा दिलाया जाए। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरने वाली गंगा नहर को शीघ्र चालू करके उस पर स्थित पुलों के क्षतिग्रस्त ढलानों को ठीक कराया जाए। नए राशन कार्ड बनाने में धांधली की जांच कराए जाने, चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जों से बचाने के लिए उन पर गौशालाओं का निर्माण कराने, आधार कार्ड का निर्माण न्याय पंचायत स्तर पर कराने, आईटीआई कॉलेजों से गत वर्ष आईटीआई कोर्स पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को जनपद की कंपनियों में अप्रेंटिस कराने की मांग की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने पर ग्राम शेखूपुर झकडी में पिछले सप्ताह एक ही दिन में तीन बच्चों की मौत का उदाहरण देते हुए सफाई व्यवस्था ठीक करने की मांग की गई। इस मौके पर यशवीर सिंह, जितेंद्र सिंह, अशोक शर्मा, जगदीश सिंह, महिपाल सिंह, संजय सहदेव, नन्हे सिंह आदि लोग मौजूद रहे।