ढबारसी। ढबारसी बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही से गांव कोकापुर के ग्रामीणों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। यहां पर हाईटेंशन लाइन के तार गलत जुड़ने पर घरों में करंट दौड़ गया। जिससे विद्युत उपकरण फुंक गए। इस दौरान तारों में चिंगारी उठने से बिटोरों में भी आग लग गई। जिससे खलबली मच गई।
सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव में रखे ट्रांसफार्मर से बत्ती गुल हो गई। इस दौरान बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी ने 440 वोल्टेज के के तार से 11 हजार की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार जोड़ दिया। इसके बाद गांव के घरों में करंट दौड़ गया। हालांकि करंट कर चपेट में कोई नहीं आया, लेकिन गांव के दर्जनों घरों में लगे विद्युत उपकरण कूलर, फ्रीज, पंखे, इंवर्टर आदि में धुआं निकल गया। ग्रामीणों के मुताबिक लगभग पांच लाख का नुकसान झेलना पड़ा। इतना ही नहीं तारों में उठी चिंगारी से खेतों में रखे बिटोरों में आग भड़क गई। इससे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। जिससे बाद राहत की सांस ली। घटना से गांव के लोगों में रोष उत्पन्न हो रहा है।