पांच हजार रुपये वर्ग मीटर मांगा मुआवजा
बिजनौर। नगर पंचायत जलालाबाद के किसानों ने एसडीएम से मिलकर हरिद्वार-काशीपुर फोरलेन के लिए अधिग्रहित हो रही जमीनों की कीमत पांच हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर दिलाने की मांग की है। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
किसान तनवीर अहमद, खलील अहमद, शेख खुर्शीद अहमद, डीएस समेत एक दर्जन से अधिक किसानों ने भूमि अधिग्रहण अधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम वीके सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने कहा कि उनकी जमीन हरिद्वार-काशीपुर फोरलेन के लिए अधिग्रहीत की जा रही है। 2013 में जमीन की कीमत 2500 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई थी। लेकिन नगर पंचायत के किसानों की भूमि आवासीय है। जमीनों का बाजार का भाव चार हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर है। उनके आसपास की भूमि तो इससे भी अधिक भाव में विक्रय की जा रही है। अभी तक उनकी जमीनों का मुआवजा तय नहीं किया गया है। किसानों ने सरकार से जमीनों का भाव पांच हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का दिलाने की मांग की है। कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होगी तो वह अपनी जमीन नहीं देंगे और आंदोलन करेंगे।