सूर्य के दर्शन होने से ठंड से मिली राहत
बिजनौर/नगीना/स्योहारा। जिले में कड़ाके की ठंड जारी है। लेकिन सूर्य देव के दर्शन होने से लोगों को राहत मिली। रात में पड़ रहे पाले से फसलों को आंशिक नुकसान का अनुमान है। सुबह के समय में घना कोहरा छाए रहने से लोग परेशान रहे।
बुधवार को भी मौसम का मिजाज बहुत ठंडा रहा। कोहरे से लोगों को परेशानी हुई। करीब 11 बजे सूर्य देव के दर्शन होने से लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, रात में पाला पड़ने से आलू की फसल को नुकसान होने की संभावना है। गेहूं की फसल को भी आंशिक नुकसान बताया जा रहा है। किसान बलजीत सिंह, नरेंद्र सिंह का कहना है कि दिनभर धूप होने से अब ज्यादा ठंड नहीं होगी। तीन चार दिन में ऐसे ही मौसम रहा तो लोगों को ठंड से काफी राहत मिलेगी। लेकिन गेहूं की फसल को देखते हुए वर्तमान में बारिश होनी आवश्यक है।
उधर, नगीना कृषि अनुसंधान वेधशाला के प्रेषक आरके शर्मा का कहना है कि सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की अभी संभावनाएं बनी हुई हैं। स्योहारा में सरकारी स्कूलों के बच्चों को अभी तक भी स्वेटर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ब्लाक में 116 प्राइमरी, 46 जूनियर स्कूल हैं। जिनमें से मात्र स्योहारा प्राइमरी प्रथम, बुढ़ानगला, आबिद नगर, लंबाखेड़ा, विशनपुर प्राइमरी, जूनियर विद्यालयों में बुधवार को स्वेटर वितरित किए गए। खंड शिक्षा अधिकारी सतेंद्र पाल सिंह का कहना है कि स्वेटर उपलब्ध नहीं होने के कारण वितरित नहीं किए जा सके हैं।