बिजनौर। प्रधानमंत्री ग्रामीण रोजगार योजना में किसानों को योजना का लाभ न देने पर भाकियू पदाधिकारियों ने जिला उद्योग केंद्र कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उनकी फाइल कैंसिल करने का आरोप लगाया। इस संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम जगतराज को दिया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़ के अनुसार किसानों ने भी प्रधानमंत्री ग्रामीण रोजगार योजना के लिए आवेदन किया था। इसमें 400 फाइल आईं, लेकिन केवल छह भाकियू कार्यकर्ताओं की फाइलों को ही विभाग के अधिकारियों ने कैंसिल कर दिया। आरोप है कि किसानों द्वारा रिश्वत न दिए जाने पर उनकी फाइल निरस्त की है। किसानों ने कार्यालय में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारी अमिता वर्मा से किसानों की फोन पर वार्ता कराई। धर्मवीर सिंह धनकड़ के अनुसार अधिकारी ने इस मामले में खेद जताते हुए जांच का आश्वासन दिया है। इसके बाद किसान कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन दिया। इस दौरान प्रांतीय नेता बाबूराम तोमर, विजय चौधरी, सुरपाल सिंह, विकास कुमार, देवेंद्र राजपूत, पंकज कुमार, सतपाल सिंह, जितेंद्र पहलवान आदि मौजूद रहे।