बिजनौर। निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कराने वाले दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। नगरपालिका परिषद व नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए सातवें दिन आठ दावेदारों ने नामजदगी कराई। वार्ड सदस्य के 72 दावेदारों ने नामांकन कराया है। अध्यक्ष पद के लिए चार तथा सदस्य पद के लिए 28 दावेदार नामांकन पत्र ले गए हैं।
तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार के अनुसार निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन अध्यक्ष पद के लिए नामजदगी कराने वाले दावेदारों की संख्या तेजी से बढ़ गई। राजनैतिक दलों के दावेदारों ने भी नामजदगी करानी शुरू कर दी है। बिजनौर नगरपालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए बसपा से सलमा फरीद, व फरहा नुसरत समेत शहनाज बानो, हल्दौर पालिका परिषद से हरिराज सिंह व हरी सिंह, नगर पंचायत मंडावर से सपा से अफसा निगार तथा झालू नगर पंचायत से सपा से राशिद हुसैन व साजिद हुसैन ने नामजदगी कराई है। वार्ड सदस्य के लिए 72 दावेदारों ने नामांकन पत्र कराया। इनमें बिजनौर नगरपालिका से 29, हल्दौर नगरपालिका से 15 , मंडावर नगरपंचायत से 11 व झालू नगरपंचायत से 17 दावेदारों ने नामजदगी कराई है। अध्यक्ष पद के लिए नगरपालिका बिजनौर से दो, नगरपंचायत झालू से दो दावेदार नामांकन पत्र ले गए। नगरपालिका हल्दौर व नगरपंचायत मंडावर का कोई दावेदार नामांकन पत्र नहीं ले गया है। वार्ड सदस्य पद के बिजनौर नगरपालिका के 15, हल्दौर नगरपालिका के दो, नगरपंचायत मंडावर के चार व नगर पंचायत झालू के सात दावेदार नामांकन पत्र ले गए हैं। अब तक चारों निकाय में अध्यक्ष पद के लिए 14 तथा वार्ड सदस्य के लिए 250 दावेदार नामजदगी करा चुके हैं। अध्यक्ष पद के 92 व सदस्य पद के 518 दावेदार नामांकन पत्र ले जा चुके हैं।
सभासद के लिए अब तक नौ पर्चे जमा हुए
नगीना। निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन नगीना में अध्यक्ष पद के तीन नामांकन पत्र लिए तथा सभासद के सात बिके तथा 32 जमा हुए। बढ़ापुर नगरपंचायत के लिए अध्यक्ष पद के तीन नामांकन पत्र जमा किए गए। सभासद पद के लिए 15 नामांकन पत्र लिए और नौ जमा हुए। थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह ने बताया कि शस्त्रों को जमा कराने के लिए बराबर कोशिश की जा रही है। 175 लाइसेंस धारकों के शस्त्र जमा किए हैं। शरारती तत्वों पर भी बराबर निगरानी रखी जा रही हैं । अब तक 530 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। नामांकन प्रक्रिया के लिए भी बेहद चौकसी बरती जा रही है। सभी नामांकन कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
अब तक छह पर्चे हुए जमा
चांदपुर । नगरपालिका परिषद के 22 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए शनिवार तक चांदपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल छह पर्चे जमा हुए। इसमें एक ही प्रत्याशी ने दो पर्चे भरे हैं। नूरपुर अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल दो पर्चे जमा हुए हैं। नायब तहसीलदार सत्यपाल सिंह ने बताया कि चांदपुर पालिका परिषद के सभासद के लिए अब तक कुल 172 पर्चों की बिक्री हुई। इसमें 112 पर्चे जमा हुए तथा नूरपुर सभासद के लिए अबतक कुल 134 पर्चो की बिक्री हुई। इसमें 95 पर्चे जमा हुए हैं।