विदुरकुटी पर गंगा मेला शुरू
विदुर कुटी।
महात्मा विदुर की कुटी के सामने गंगा के तट पर लगा कार्तिक मेला मंगलवार से शुरू हो गया है। मेले का उद्घाटन डीएम जगतराज व एसपी प्रभाकर चौधरी ने संयुक्त रूप से फीटा काटने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गंगा में दूध प्रवाहित करके किया। अफसर निकाय चुनाव की आचार संहिता लगे होने के कारण जल्दी ही मेलास्थल से लौट गए।
गंगा मेले में डीएम जगतराज, एसपी प्रभाकर चौधरी अफसरों की टीम के साथ मेले में पहुंचे। उद्घाटन के बाद सभी अफसर लौट आए। जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह, अशाराम सैनी, बाबू सिंह चौहान, एसके कांबोज, सतेंद्र चौधरी, धर्मवीर सिंह, राजवीर सिंह ने अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम में अपने विचार नहीं रखने पर नाराजगी जताई। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी श्याम बहादुर शर्मा ने नाराज सदस्यों को शांत किया तथा मेले में जिला पंचायत की और से की गई व्यवस्थाओं के बारे में बताया। इस मौके पर सांसद भारतेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, दीपक गर्गा मोनू , शहर कोतवाल फतेह सिंह, जिला पंचायत के जेई कपिल देव समेत तमाम अफसर मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सांसद भारतेंद्र सिंह ने गंगा की आरती की। आरती में जिला पंचायत सदस्यों के अलावा सांसद के समर्थक मौजूद रहे। उधर, गंगा मेले में लगे राजनैतिक दलों के बैनरों को पुलिस ने हटवा दिया। ये बैनर राजनैतिक दलों के नेताओं ने पहले ही लगवा दिए थे। वहीं, मेले में बाजार सजाने का काम तेजी से शुरू हो गया है। बुधवार से श्रद्धालुओं का कारवां आना शुरू हो जाएगा। इसके बाद मेले में पूरी तरह तंबुओं का शहर बस जाएगा।