बिजनौर । गोद लिए हुए परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की जल्द ही कायापलट होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। स्कूलों के निरीक्षण में खामियों को पूरा कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
डीएम के निर्देश पर जिले के 159 स्कूलों को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गोद लिया गया है। इन स्कूलों को कान्वेंट स्कूल की तर्ज पर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधार के लिए स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है। पिछले दो दिन से जिले के कई स्कूलों का निरीक्षण किया गया है। एसडीएम की ओर से मोहम्मदपुर देवमल के प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर भोगी के निरीक्षण में व्यवस्था ठीक पाए जाने तथा शैक्षणिक स्तर ठीक होने पर स्कूल के बच्चों को 500 रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया है। जबकि बीएसए महेश चंद्र ने बुधवार को ब्लॉक हल्दौर के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्खीवाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण में शिक्षिकाओं को शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल के कक्षा कक्ष के टूटे फर्श को निजी स्रोतों से ठीक कराने को कहा है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दारानगर गंज का निरीक्षण भी किया। पिछले दो दिन से गोद लिए स्कूलों के ताबड़तोड़ निरीक्षण हो रहे हैं। एक दो दिन के भीतर जिले के सभी 159 गोद लिए स्कूलों का निरीक्षण होना तय है। इसकी तैयारी बेसिक शिक्षा विभाग ने की है। स्कूलों के निरीक्षण में साफ-सफाई, कक्षा की साज सज्जा, शैक्षणिक स्तर आदि के साथ स्कूलों से नदारद रहने वाले शिक्षकों की खैर नहीं होगी।
निरीक्षण में मिले कम बच्चे
नगीना। तहसीलदार नवनीत गोयल ने हीरावाली प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों की संख्या कम पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।
तहसीलदार साढ़े दस बजे प्राइमरी स्कूल हीरावाली पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। पंजीकृत 110 छात्रों में से 74 बच्चे उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिड-डे-मिल और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी साफ सफाई की व्यवस्था रखने तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। स्कूल की बाउंडरी के पास अपने पशुओं को बांधने वाले आसपास वालों को उन्होंने निर्देशित किया कि वे स्कूल के आसपास पशु को न बांधे। प्राइमरी स्कूल के शिक्षक उमेश कुमार, शिक्षामित्र मिथलेश कुमारी और सारिका राजपूत उपस्थित मिलीं।