मंडावली। मंदिर के दानपात्र से नगदी चोरी के मामले में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने युवक के खिलाफ मंदिर में चोरी की तहरीर पुलिस को सौंपी। वहीं दूसरी ओर, युवक की बहन ने भीड़ में शामिल एक युवक पर उसके कपड़े फाड़ने और अन्य परिजनों द्वारा उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
शनिवार रात गांव शेखूपुरा आलम स्थित शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोरी कर भागते एक युवक को देखा गया। शोर मचने पर मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को करीब दो हजार की नगदी गायब मिली। ग्रामीणों ने सुबह इस मामले को लेकर आरोपी युवक के परिजनों से मिलने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने रविवार सुबह आरोपी युवक से बात की, तो युवक ने गालीगलौज की। आरोप है कि युवक के परिवारों ने मामले को लेकर आए दो लोगों के साथ मारपीट की। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस एक ग्रामीण और आरोपी युवक को थाने ले आई। कई ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। मंदिर पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में मंदिर में चोरी करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। उधर, युवक की बहन ने मंदिर पक्ष से आए लोगों में शामिल एक व्यक्ति पर उसके कपड़े फाड़कर अभद्रता करने तथा परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुुशील तोमर ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।