नजीबाबाद। भाकियू की पंचायत में जसवंत सिंह के हत्यारों को गिरफ्तार न करने पर किसानों ने रोष व्यक्त किया। चेतावनी दी कि यदि 17 अगस्त तक दोषियों कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो 18 अगस्त को भाकियू जनपद की सीमाएं सील कर देगी।
भारतीय किसान यूनियन की पंचायत त्रिलोकपुरम कॉलोनी में जिला उपाध्यक्ष विनोद परमार के निवास पर हुई। किसानों ने जसवंत सिंह की मौत के लिए जिम्मेदार भाजपा विधायक लोकेंद्र चौहान, सीपी सिंह, पूर्व विधायक रुचि वीरा को ठहराते हुए तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि 17 अगस्त तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो किसान 18 अगस्त 2017 को बिजनौर की सीमाएं सील कर देंगे और 22 अगस्त को महापंचायत करेंगे। किसानों ने सरकार पर चुनावी वादों को पूरा न करने, किसान मजदूरों के हितों को अनदेखा करने का भी आरोप लगाया। जिला सचिव चौधरी महेंद्र सिंह के संचालन में आयोजित पंचायत में सत्यपाल सिंह, अरजेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, हनीफ अहमद, इकरामुद्दीन, अनिल चौहान आदि किसान मौजूद रहे।