शेरकोट। बिजली की अंधाधुंध कटौती से गर्मी में तिलमिला कर बृहस्पतिवार रात उपभोक्ताओं ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध किया। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को लाठी फटकार कर खदेड़ दिया।
शेरकोट नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 36 घंटों से बिजली गुल थी, शिकायत करने पर निगम अधिकारी कोई जवाब नहीं दे रहे थे। गुस्साएं उपभोक्ता भारी संख्या में घरों से निकलकर हाईवे पर पहुंच गए। हाईवे जाम कर निगम अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जाम से यातायात प्रभावित हो गया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली कटौती से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बिजली के 18 घंटे सप्लाई के आदेश हैं, लेकिन मात्र पांच छह घंटे ही बिजली मिल रही है। पुलिस ने हाइवे पर जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। उधर, एसओ ने शिशुपाल शर्मा का कहना है कि कानून व्यवस्था किसी ने भी हाथ में लेने की कोशिश की तो बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कार्रवाई के लिए प्रदर्शनकारियों की तलाश कर रही है।