कैंटर की टक्कर से महिला सहित दो की जान गई
शेरकोट (बिजनौर)।
ग्राम मुबारकपुर कुंडे के निकट शुक्रवार देर रात कंटेनर ने ओवरटेक करते वक्त दो बाइकों में पीछे से टक्कर मार दी। इससे एक महिला सहित दो की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक में आग लग गई।
थाना जसपुर के ग्राम धर्मपुर निवासी वीरेंद्र ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शु्क्रवार को उसकी पत्नी पूनम (23) शेरकोट के ग्राम हादकपुर निवासी ममेरे भाई अंकुल (22) के साथ अपने चार वर्षीय पुत्र रोहन को धामपुर से दवाई दिलाकर आ रही थी। उनके साथ दूसरी बाइक पर गांव सुआवाला निवासी रिश्तेदार अर्जुन, उसकी पत्नी रूपा और दो माह का बेटा कार्तिक थे। रात करीब 12 बजे मुबारकपुर कुंडे के निकट पीछे से तेज गति से आ कंटेनर ने ओवरटेक करते समय दोनों बाइकों में टक्कर मार दी। इससे पूनम की मौके पर मौत हो गई। गंभीर घायल अंकुल की मेरठ ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। हादसे में चार वर्षीय रोहन, अर्जुन, अर्जुन का पुत्र कार्तिक और पत्नी रूपा घायल हैं। इन्हें उपचार के लिए बिजनौर भेजा गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।