बिजनौर के हल्दौर में पीएनबी की शाखा में खाताधारक रामपाल सिंह के खाते में तकनीकी कमियों के कारण तीन हजार के बजाय 300 करोड़ रुपये की एंट्री हो गई थी। बैंक कर्मचारियों ने कुछ ही देर में खाते से यह एंट्री ठीक कर दी थी। बैंक के शाखा प्रबंधक ने किसान को एक पत्र लिखकर दे दिया है। पत्र में बैंक ने अपनी गलती स्वीकार की है।
गांव इस्लामपुर कूकड़ा निवासी रामपाल सिंह ने दस नवंबर को अपने खाते में तीन हजार रुपये जमा किए थे। बैंक प्रबंधक संजीव कस्तूरिया के मुताबिक दस नवंबर को बैंक कर्मचारी चंद्रशेखर का की-बोर्ड खराब हो गया था। जीरो का बटन एक बार दबाने पर भी कंप्यूटर से खाते में कई बार जीरो लग गया। रामपाल सिंह के खाते में तीन हजार के बजाय 300 करोड़ रुपये की एंट्री हो गई थी। संजीव कस्तूरिया के मुताबिक उनको चंद्रशेखर ने तुरंत ही इस तकनीकी कमी के बारे में बता दिया था। उसको आयकर विभाग द्वारा नोटिस भेजा गया है। बैंक प्रबंधक के मुताबिक रामपाल सिंह को बैंक की ओर से एक पत्र बनाकर दे दिया गया है। पत्र में भूलवश 300 करोड़ रुपये की राशि खाते में जाने की बात लिख दी गई है।