सम्मान निधि की छठी किस्त में 3.60 लाख पात्र
बिजनौर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की छठी किस्त करीब साढ़े तीन लाख किसानों के खातों में जाएगी। किसानों को करीब 72 करोड़ से ज्यादा रुपये मिलेंगे। किसानों को किस्त उनके पंजीकरण के आधार पर मिल रही है। जो किसान जब पंजीकरण कराता है, उसे अगली जारी होने वाली किस्त मिल रही है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त हर चार महीने बाद जारी होती है। साल में तीन किस्तों के रूप में किसानों को छह हजार रुपये मिलते हैं। अगस्त में योजना की छठी किस्त जारी हो रही है। योजना में अब तक चार लाख छह हजार किसानों के डाटा लॉक किया जा चुका है। इनमें से तीन लाख 60 हजार 694 किसानों के डाटा बैंक स्वीकार भी कर चुका है। इन किसानों के खातों में अगस्त में जारी होने वाली किस्त आएगी। लेकिन यह सभी किसानों की छठी किस्त नहीं है। केवल एक लाख 70 हजार किसानों को ही यह छठी किस्त मिलेगी। बाकी में से किसी किसान के खाते में पहली, किसी के में दूसरी तो किसी के खाते में पांचवीं किस्त जाएगी। नियम के अनुसार जब किसान विभाग में पंजीकरण कराता है तो पंजीकरण के बाद जारी होने वाली किस्त के लिए वह पात्र माना जाता है। जब योजना शुरू हुई तब एक लाख 70 हजार किसानों का ही कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण था। इसलिए पहली किस्त लेने वाले किसानों को अब तक सभी किस्त मिल रही हैं। बाद में जैसे जैसे किसानों के पंजीकरण बढ़ते गए वैसे वैसे ही किसानों को अगली किस्त का लाभ मिलता चला गया।
ये होगा किस्त का हिसाब
अगस्त में किस्त लेने वाले किसानों में साढ़े तीन लाख से ज्यादा किसानों में से एक लाख 77 हजार किसानों के खातों में यह किस्त छठी बार जाएगी। तीन हजार 844 किसानों को पहली, दस हजार 553 किसानों को दूसरी, 18 हजार 237 किसानों को तीसरी, 36 हजार 33 किसानों को चौथी, 60 हजार 958 किसानों को यह पांचवीं किस्त मिलेगी। उप कृषि निदेशक जेपी चौधरी के अनुसार अगस्त में किसानों को छठी किस्त जारी होगी, किसानों को पंजीकरण के हिसाब से योजना का लाभ दिया जाएगा।