हल्दौर। गांव लतीफपुर उर्फ सिपाही वाला निवासी एक महिला ने बैंक खाते से एक युवक पर पुराने सिम कार्ड के जरिए करीब ढाई लाख रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
भूपेंद्र सिंह की पत्नी सोमलता देवी का कस्बे में स्थित एसबीआई में खाता है। महिला ने अपना पुराना मोबाइल नंबर अपने बैंक खाते से जुड़वा रखा था। उसने किसी कारण अपना पुराना सिम कार्ड कई दिन पूर्व बंद कर दिया था। इसके बाद महिला ने किसी अन्य कंपनी का सिम खरीदा। लेकिन उसने अपने बैंक खाते से अभी अपना नया मोबाइल फोन नंबर नहीं जुड़वाया।
पीड़िता का आरोप है कि मोबाइल कंपनी ने उसका पुराना मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति के नाम से चालू कर दिया। आरोप है कि नए सिम धारक ने गत आठ फरवरी को उसके खाते से करीब 2.38 लाख की नगदी ऑनलाइन निकाल ली।
एक दिन पूर्व महिला अपनी पासबुक की एंट्री कराने बैंक पहुंची तो उसे खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी प्राप्त हुई। पीड़ित महिला के पुत्र रवि शर्मा ने थाने में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।