कार्बेट टाइगर रिजर्व में अलर्ट
कालागढ़(बिजनौर)। कार्बेट टाइगर रिजर्व में बृहस्पतिवार को शिकारी के पकड़े जाने के बाद पार्क प्रशासन ने अलर्ट जारी कर अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने बताया कि सभी डीएफओ व सहायक वन संरक्षकों को अलर्ट किया गया है। इस मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
नेशनल पार्क में शिकारी के पकड़े जाने के बाद वन विभाग मेें हड़कंप है। कार्बेट पार्क के निदेशक राहुल के अनुसार गश्त के दौरान एक शिकारी को पकड़ा है। प्रतीत होता है कि यूपी की सीमा से अवैध रूप से शिकारी ने वनों में प्रवेश किया। जिसे गश्ती दलों ने बिजरानी रेंज(उत्तराखंड) में सावल्दे बीट की कक्ष संख्या 05 सोत में प्रतिबंधित क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ लिया। शिकारी बबलू कुमार पुत्र जय प्रकाश निवासी ग्राम उखलीना तहसील मेरठ यूपी का निवासी है। शिकारी के पास से दरी, चश्मे, माचिस बरामद की गई है। आरोपी के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के अंतर्गत वन अपराध जारी किया गया। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज, झिरना रेंज व कालागढ़ टाइगर रिजर्व का जंगल उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की सीमा से लगता है। जिससे इस इलाके पर खास निगाह रखी जा रही है। कालागढ़ व आसपास के वनों में गश्त बढ़ा दी गई है।
वर्जन
आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वनों में इस तरह से प्रवेश करना अपराध है। गश्त के दौरान एक शिकारी पकड़ा था। टीमों को सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही वन्य क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। - राहुल, निदेशक, कार्बेट पार्क।