लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजी, दावेदार हुए सक्रिय
बिजनौर। लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही राजनीतिक दलों के नेता सक्रिय हो गए हैं। भाजपा, कांग्रेस व बसपा में टिकट को लेकर दौड़धूप तेज हो गई है। अभी किसी भी दल ने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। गठबंधन कर चुनाव लड़ रहे बसपा, सपा और रालोद में बसपा ने जरूर बिजनौर व नगीना सीट पर लोकसभा प्रभारी की घोषणा की है। लेकिन दोनों प्रभारी के टिकट अभी पक्के नहीं माने जा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी राजनीतिक दलों के नेता बाहर निकल आए हैं। दलों में टिकटों को लेकर मारामारी शुरू हो गई है। बिजनौर लोकसभा सीट पर भाजपा से सांसद भारतेंद्र सिंह का टिकट पक्का माना जा रहा है। लेकिन कई गुर्जर और अन्य जाट नेता भी इस सीट पर टिकट मांग रहे हैं। टिकट को लेकर सबसे ज्यादा मारामारी सपा, बसपा, रालोद गठबंधन में बसपा के खाते में गईं बिजनौर, नगीना सीट पर है। बिजनौर सीट पर बसपा से मलूक नागर, पूर्व विधायक रुचि वीरा, जिम्मी सैनी, पूर्व विधायक इकबाल ठेकेदार, कादिर राना समेत कई नेता टिकट मांग रहे हैं। बसपा ने पहले रुचि वीरा को लोकसभा प्रभारी बनाया और फिर हटा दिया। अब इकबाल ठेकेदार को बिजनौर लोकसभा सीट से प्रभारी बना रखा है। पिछले दिनों उनका भी टिकट कटने की चर्चा चली, लेकिन कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई। अभी तक इकबाल ठेकेदार का ही बिजनौर लोकसभा से टिकट पक्का माना जा रहा है। कांग्रेस ने बिजनौर सीट पर अभी कोई पत्ते नहीं खोले हैं।
बिजनौर सीट पर पूर्व एमएलसी नसीब पठान, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर पाराशर, शेरबाज पठान, अब्दुल समद आजाद आदि टिकट मांग रहे हैं। पर किसी के भी टिकट की अभी घोषणा नहीं हुई है। नगीना सीट पर बसपा ने मंडल कोआर्डिनेटर गिरीश चंद्र को लोकसभा प्रभारी बनाया है। इस सीट पर बसपा सुप्रीमो मायावती के भी चुनाव लड़ने की चर्चा हैं। भाजपा से सांसद डॉ. यशवंत सिंह के अलावा विधायक ओमकुमार, उत्तराखंड के विधायक सुरेशचंद्र राठौड़, सुभाष वाल्मीकि समेत कई नेता भाजपा का टिकट मांग रहे हैं। अभी तक डॉ. यशवंत सिंह का ही इस सीट से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है। कांग्रेस से पूर्व मंत्री ओमवती व उनके पति आरके सिंह सहित कई नेता टिकट के दावेदार हैं।
ये विधानसभा हैं शामिल
बिजनौर लोकसभा में बिजनौर, चांदपुर, मीरापुर, पुरकाजी व हस्तिनापुर विधानसभा शामिल हैं। नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट में नगीना, नजीबाबाद, नहटौर, नूरपुर, धामपुर विधानसभा शामिल हैं। जिले की बढ़ापुर विधानसभा मुरादाबाद लोकसभा में शामिल हैं।
2014 के चुनावी नतीजे
बिजनौर लोकसभा सीट
भाजपा भारतेंद्र सिंह 486993
सपा शाहनवाज राणा 252241
बसपा मलूक नागर 230124
नगीना लोकसभा सीट
भाजपा डा.यशवंत सिंह 367825
सपा यशवीर सिंह 275435
बसपा गिरीशचंद्र 245685