अवैध रूप से दुकानों के पट्टे करने का आरोप
बिजनौर। नगर के एक व्यक्ति ने वक्फ बोर्ड के मुतवल्ली पर अवैध रूप से दुकानों का आवंटन करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर उसने डीएम से शिकायत कर मुतवल्ली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की है।
सोमवार को मोहल्ला चाहशीरी निवासी इमरान ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मोहल्ले में सुन्नी वक्फ बोर्ड का कब्रिस्तान है। इस पर मुतवल्ली हनीफ अहमद ने सड़क के किनारे अभी तक कुल 18 दुकानों का निर्माण कराया है। इस संबंध में वक्फ बोर्ड ने 32 दुकानें बनाने की स्वीकृति दी थी। इसके बावजूद केवल 18 दुकानों का ही निर्माण कराया गया। आरोप है कि मुतवल्ली प्रत्येक दुकान पर अपने निजी फायदे के लिए 10 से 15 लाख रुपये पगड़ी ले रहे हैं और वक्फ संपत्ति के हित को ठुकराते हुए दुकानों को केवल 750 रुपये प्रतिमाह प्रति दुकान के हिसाब से किराए पर अपने हमदर्दों को अवैध रूप से 99 साल के किराए पर दे दी। जबकि वक्फ बोर्ड के अधिनियम के अनुसार किसी भी वक्फ की संपत्ति को केवल तीन से 30 वर्षों के लिए ही पट्टा कर किराए पर दिया जा सकता है। इमरान ने डीएम से इस मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।