गोपालपुर के ग्राम प्रधान के विकास कार्यों की जांच
बरुकी। ब्लाक किरतपुर की ग्राम पंचायत गोपालपुर में ग्रामीणों की शिकायत के बाद विकास कार्यों की जांच की गई। जांच अधिकारी ने जांच की रिपोर्ट सीडीओ को सौंपने की बात कही है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में धांधली करने एवं आवास बनवाने के लिए धन की मांग करने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश पर जांच अधिकारी हरेंद्र सिंह जिला अर्थ सांख्यिकी अधिकारी, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों की जांच की। जांच अधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान से समस्त अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। जांच पूरी कर सीडीओ को प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, ग्रामप्रधान मूला सिंह ने बताया कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। वे किसी भी प्रकार की जांच के लिए तैयार हैं।