तीन दिनों से कई गांवों की विद्युत सप्लाई ठप
नहटौर। तीन दिनों से दर्जनों गांवों की विद्युत सप्लाई बाधित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपूर्ण लाइन से गांवों की विद्युत लाइन जोड़ने पर समस्या पैदा हो गई है। बिजली कर्मचारियों ने अपूर्ण लाइन पर काम करने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना हैं कि जेई समस्या सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने जेई को हटाने की मांग की है।
विद्युत उपकेंद्र ढक्का कर्मचंद से जुड़े गांवों के लिए अलग से विद्युत सप्लाई के लिए लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। लाइन पूर्ण होने से पहले ही ठेकेदार ने अमखेड़ा, मधी, परमावाला, कागपुर, बरखेड़ा, टपरौला, फिरोजपुर आदि करीब एक दर्जन गांवों को अपूर्ण लाइन से जोड़कर सप्लाई शुरू कर दी। ग्रामीण अमित कुमार, त्रिलोकचंद, दीपक कुमार, राजेन्द्र सिंह, अनिल कुमार, राजीव कुमार का कहना हैं कि नई लाइन बनाने में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। खानापूर्ति करके लाइन बनाई जा रही हैं। अधिकांश लाइन पेड़ों के बीच में बनाई गई हैं। कमीशन के चक्कर में ठेकेदार की लाइनों को बिना मौके पर जाए ही पास किया जा रहा हैं, जिसमें विद्युत सप्लाई शुरू करने पर फाल्ट होने लगें हैं। तीन दिनों से विद्युत सप्लाई बंद पड़ी हुई हैं, लेकिन कोई सुनने के लिए तैयार नहीं है। संविदा कर्मचारी नई लाइनों को हस्तांतरण नहीं होने की बात कहते हुए काम करने के लिए तैयार नहीं हैं। जेई समस्या के समाधान के लिए गंभीर नहीं हैं। ग्रामीणों के फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जेई के खिलाफ जांच की मांग करते हुए हटवाने की मांग की है। एसडीओ भगवंत सिंह का कहना हैं कि समस्या के समाधान के प्रयास कराएं जाएंगें। अपूर्ण लाइन की जांच से गांवों को जोड़ने की भी जांच की जाएगी।